ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित बस गड्ढे में गिरी, 20-25 यात्री घायल
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर। बाईपास थाना क्षेत्र में आर्यन रिसॉर्ट के समीप शनिवार सुबह करीब नौ बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमरपुर (बांका) से भागलपुर आ रही यात्रियों से भरी बस ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ यात्री खुद बस से बाहर निकल आए, जबकि कुछ घायलों को बाईपास थाना पुलिस की मदद से इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया। घायलों में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस का नाम ‘संतोष’ है और यह भागलपुर-बांका के बीच चलती है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ओवरटेक करने के दौरान चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा, जिससे बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
