पूर्व रेलवे ने मालदा मंडल में उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली से सुरक्षा, गति एवं क्षमता को दी नई मजबूती

पूर्व रेलवे ने मालदा मंडल में उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली से सुरक्षा, गति एवं क्षमता को दी नई मजबूती

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।

देश के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित तथा दक्ष बनाने की दिशा में पूर्व रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आधुनिक तकनीक एवं सटीक संचालन के समन्वय से दिनांक 17 अप्रैल, 2026 को मालदा मंडल के अंतर्गत नाथनगर एवं अकबरनगर के बीच छीत मकंदपुर में इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (IBS) प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। साथ ही भागलपुर (किऊल छोर) एवं अकबरनगर के मध्य डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग भी प्रारंभ की गई।

यह कार्य न्यूनतम ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान सुव्यवस्थित योजना एवं उत्कृष्ट समन्वय के साथ संपन्न किया गया, जिससे रेल परिचालन की नियमितता एवं समयपालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।

*पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देउस्कर के मार्गदर्शन तथा मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता एवं उनकी टीम के समर्पित प्रयासों से यह उपलब्धि पूर्व रेलवे की आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।*

*वित्तीय वर्ष 2026-27 में मालदा मंडल द्वारा यह प्रथम IBS कमीशनिंग है तथा वर्ष 2026 में कुल पाँचवीं उपलब्धि है। यह पहल क्षमता वृद्धि एवं तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति का प्रतीक है। विभिन्न स्टेशनों एवं खंडों में निम्नलिखित सुधार किए गए हैं:*

भागलपुर में उन्नत सिग्नल विन्यास उपलब्ध कराया गया है, जिससे परिचालन में अधिक लचीलापन एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

नाथनगर में आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था एवं अधिक विश्वसनीय ब्लॉक कार्य प्रणाली लागू की गई है।

बासुदेबपुर में नए इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल स्थापित किए गए हैं, जिससे दोनों दिशाओं में ट्रेनों का सुचारु नियमन संभव होगा।

लेवल क्रॉसिंग गेटों पर इंटरलॉक्ड गेट स्टॉप सिग्नल एवं उन्नत प्रणालियाँ स्थापित की गई हैं, जिससे रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सुदृढ़ होगी।

अकबरनगर में बेहतर सिग्नलिंग व्यवस्था लागू की गई है, जिससे निर्बाध रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

IBS एवं डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों के बीच दूरी कम होगी, जबकि सुरक्षा मानक और अधिक मजबूत होंगे। इससे लाइन क्षमता में वृद्धि, विलंब में कमी तथा यात्रियों को अधिक विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा, “यह आधुनिकीकरण पहल सुरक्षा, क्षमता वृद्धि एवं परिचालन दक्षता को और बेहतर बनाने के हमारे सतत प्रयासों का हिस्सा है। मालदा मंडल में IBS एवं डबल डिस्टेंस सिग्नलिंग की शुरुआत से रेल परिचालन अधिक सुचारु होगा, भीड़भाड़ कम होगी तथा यात्रियों को अधिक भरोसेमंद यात्रा सुविधा मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!