किशनगंज, बिहार के बाहर से आने वाली अवैध सामग्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर गुरुवार को ठाकुरगंज प्रखंड सभागार में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक सह जॉइंट ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में गलगलिया चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को वाहनों की सघन जांच और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने ड्यूटी आवर में पूरी सजगता के साथ वाहनों की जांच सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व विभाग, किशनगंज द्वारा बिहार के बाहर से आने वाले बालू एवं गिट्टी लदे वाहनों की जांच से संबंधित SOP की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं परिवहन विभाग, GST एवं उत्पाद (Excise) विभाग के अधिकारियों ने भी वाहनों के कागजात और संबंधित नियमों की जानकारी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ साझा की।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा गलगलिया चेक पोस्ट पर नियमित एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि चेक पोस्ट पर गिट्टी, बालू, फर्जी GST बिल एवं माइनिंग चालान के साथ-साथ मवेशी, बेडमिशाली, कोयला, लकड़ी, ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना एवं चांदी सहित अन्य अवैध सामग्री की तस्करी की जांच एवं रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
