कटिहार में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, तीन की मौत, सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार में आकाशीय बिजली तीन परिवारों पर कहर बनकर टूटी. अलग-अलग इलाकों में ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.
कटिहार में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, तीन की मौत, सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
कटिहार जिले में रविवार का दिन तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया. अलग-अलग थाना क्षेत्रों आजमनगर, कोढ़ा और सेमापुर में ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 65 वर्षीय मो. अब्बास, 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव और 45 वर्षीय अकमल हुसैन शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. इस घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने संवेदना व्यक्त की है. साथ ही पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये मुआवजे के रूप में देने का ऐलान किया है.
मवेशी लाने गए और लौटे नहीं मो. अब्बास
आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत स्थित कोरोबारी गांव के रहने वाले मो. अब्बास रोज की तरह बहियार (खेत) में मवेशी लाने गए थे. दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा. जिसकी चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई. गांववालों ने उनका शव घर पहुंचाया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बताया जाता है कि अब्बास अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे.
चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत के खुदना गांव में 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव की भी ठनका गिरने से जान चली गई. अचानक खराब हुए मौसम में वे इसकी चपेट में आ गए. मंगलेश अपने पीछे पत्नी डोली देवी, तीन बेटियां और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौके पर पहुंचे और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया.
खेत में काम कर रहे अकमल हुसैन की दर्दनाक मौत
सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में 45 वर्षीय अकमल हुसैन खेत में काम कर रहे थे. मक्का की फसल कटाई के बाद वे खेत में लगे हुए थे, तभी अचानक मौसम बदला और ठनका गिरा. आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. उनके घर में चीख-पुकार मच गई.
