निपुण लक्ष्य प्राप्ति हेतु निपुण चैंपियनों के साथ रणनीति बैठक आयोजित
रिपोर्ट: संजीव कुमार शर्मा, भागलपुर (बिहार)
भागलपुर जिले के मध्य विद्यालय, जगदीशपुर में मिशन निपुण के अंतर्गत निपुण लक्ष्य प्राप्ति एवं सहयोगात्मक शिक्षण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चयनित निपुण चैंपियनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने की।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि कक्षा-स्तरीय अधिगम लक्ष्यों से पीछे रह गए बच्चों की पहचान कर तीन से चार विद्यार्थियों के छोटे-छोटे समूह बनाए गए हैं। प्रत्येक समूह के लिए विद्यार्थियों में से ही एक निपुण चैंपियन का चयन किया गया है, जो प्रतिदिन 40 मिनट तक पीयर लर्निंग (समूह आधारित शिक्षण) के माध्यम से अपने साथियों को सीखने में सहयोग करता है।
उन्होंने बताया कि पीयर लर्निंग एक सहयोगात्मक शिक्षण प्रक्रिया है, जिसमें विद्यार्थी शिक्षक के साथ-साथ अपने सहपाठियों से भी सीखते हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से बच्चे आपसी चर्चा, सहयोग एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से अपनी समझ, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा सीखने के कौशल का विकास करते हैं। इससे मिशन निपुण के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी उल्लेखनीय सहायता मिल रही है।
बैठक में नामित शिक्षिका प्रज्ञा सहित वर्ग शिक्षिकाएँ वीणा कुमारी, प्रतिमा कुमारी, पुष्पलता कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, नेहा कुमारी तथा विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
