ब्रेकिंग न्यूज़ कटिहार में 500 ग्राम स्मैक के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार: 50 लाख की खेप कार से बरामद, मनिहारी में वाहन जांच के दौरान कार्रवाई
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार पुलिस ने मनिहारी के अंबेडकर चौक पर वाहन जांच के दौरान एक कार से लगभग 500 ग्राम स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बिनोद कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से नदी मार्ग के जरिए नाव से स्मैक की एक बड़ी खेप मनिहारी घाट की ओर आ रही है।
इस सूचना के आधार पर मनिहारी थाना के एसआई अमित कुमार राय, एसआई आशीष कुमार और एएसआई संतोष कुमार ने तुरंत अंबेडकर चौक पहुंचकर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी क्रम में, बीआर 11बी बीवी 2088 नंबर की एक कार की तलाशी के दौरान एक थैले के अंदर दो प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखी गई 500 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
काले रंग की कार को जब्त कर थाने ले गई
पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान फरियाद आलम (35), पिता अब्दुल रजा, निवासी कुम्हरा, थाना रौतारा, जिला कटिहार, और मुर्तजा अली (33), पिता स्वर्गीय ताहिर, निवासी सिमरिया, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दंडाधिकारी रामसागर पासवान की उपस्थिति में वाहन जांच प्रक्रिया पूरी की और तस्करी में इस्तेमाल की गई काले रंग की कार को जब्त कर थाने ले गई। गिरफ्तार तस्करों से आगे की पूछताछ जारी है।
प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए थे
एसडीपीओ बिनोद कुमार ने बताया कि तस्करों की योजना पश्चिम बंगाल से मनिहारी घाट पर स्मैक की खेप प्राप्त कर इसे जिले के अन्य हिस्सों में खपाने की थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण उनकी योजना विफल हो गई और वे पकड़े गए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मनिहारी थाना के निरीक्षण के लिए पहुंचे पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. विवेकानंद ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और इसकी तस्करी को एक बड़ी चुनौती बताया था।
उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सूखे नशे की तस्करी के स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए थे।
