नहीं रहे वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड शशि प्र. झा भाकपा–माले ने दी श्रद्धांजलि …वाम कतारों में शोक

नहीं रहे वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड शशि प्र. झा

भाकपा–माले ने दी श्रद्धांजलि …वाम कतारों में शोक

संवाददाता: शुभम कुमार, भागलपुर, बिहार

भागलपुर। शनिवार को वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता, मार्क्सवादी प्रशिक्षक कॉमरेड शशि प्रसाद झा (93 वर्ष) का निधन हो गया। वे भाकपा (माले) भागलपुर के पूर्व नगर सचिव थे। मार्क्सवादी चिंतन से प्रभावित हो वे, अपने छात्र जीवन में ही कम्युनिस्ट कार्यकर्ता बन गए थे। उन्होंने पटना साइंस काॅलेज से एमएससी करने के बाद तात्कालिक बिहार के कई जिला स्कूलों में अध्यापन का कार्य किया था। उनका बड़ा पुत्र कॉमरेड प्रदीप झा, वर्तमान में भाकपा (माले) के हिंदी मुखपत्र समकालीन लोकयुद्ध के सम्पादकमंडल सदस्य हैं और बड़ी बहु कॉमरेड सरोज चौबे, भाकपा (माले) की केंद्रीय कमिटी सदस्य। तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने शुक्रवार को अपनी अंतिम सांसें ली। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे वाम कतारों में शोक व्याप्त हो गया।

कॉमरेड शशि प्रसाद झा की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए शनिवार को भाकपा (माले) के नेता–कार्यकर्ता, स्थानीय इशाकचक स्थित उनके आवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य एसके शर्मा ने उनके पार्थिव शरीर पर हंसुआ–हथौड़ा निशान वाला लाल झंडा सौंप कर उन्हें कम्युनिस्ट सम्मान प्रदान किया। पुष्पमाला अर्पित करते हुए दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भागलपुर प्रमंडल प्रभारी व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने मौके पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी अंतिम सांस तक भाकपा (माले) के सदस्य रहे। वे बहुत मृदुभाषी और सरल स्वभाव के मिलनसार व्यक्ति थे। वे वैचारिक रुप से दृढ़ और बेवाक थे। उनके निधन से वाम–जनवादी आन्दोलन की भारी क्षति हुई है।

कॉमरेड शशि प्रसाद झा को लाल सलाम, कॉमरेड शशि प्रसाद झा अमर रहे, कॉमरेड तुम्हारे सपनों को मंजिल तक पहुंचाएंगे आदि नारों के बीच उनकी अंतिम यात्रा निकली। स्थानीय बरारी घाट में उनका अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ। अलविदा कॉमरेड …स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेंगे।

भाकपा (माले) व ऐक्टू के एसके शर्मा, मुकेश मुक्त, महेश प्र. यादव, सुरेश प्रसाद साह, विष्णु कुमार मंडल, सरोज चौबे, प्रदीप झा, गौरीशंकर राय, अमर कुमार, मार्कण्डेय पाठक, विंदेश्वरी मंडल, रेणु देवी, रणधीर यादव, सुभाष कुमार, सत्यनारायण यादव, निरंजन घोष, प्रमोद कुमार, भाकपा के अभिमन्यु कुमार मंडल व देवेंद्र कुमार झा, उनकी जीवन संगिनी सरला झा, पुत्र त्रिलोक‌ प्रियदर्शी व कन्हैया झा, पुत्री अंजु, अनीता झा, मनोज मिश्र, राजीव कुमार, अशोक कुमार, अभिषेक गौरव, खुशबू, सपना, जूही, उत्सव ठाकुर आदि सहित पास–पड़ोस व नाते–रिश्ते के लोग उनकी यात्रा में शामिल हुए और उन्हें अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!