सुरक्षा में निकली 1100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, कोर्थु में 28 अप्रैल से 8 मई तक होगा महारुद्र यज्ञ मुरारी झा

सुरक्षा में निकली 1100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, कोर्थु में 28 अप्रैल से 8 मई तक होगा महारुद्र यज्ञ
मुरारी झा

घनश्यामपुर प्रखंड क्षेत्र क्षेत्र के कोर्थु गांव स्थित तिलकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले श्री श्री 108 महारुद्र यज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली इस शोभायात्रा में 1100 कन्याओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा गाजे-बाजे, रथ और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर प्रांगण से शुरू होकर पूरे कोरथु गांव का भ्रमण करती हुई रुचि घाट स्थित कमला नदी तक पहुंची। वहां वैदिक विधि-विधान से कन्याओं ने जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर वापसी की। यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

यज्ञ के आयोजक शुभकांत झा ने बताया कि यह महारुद्र यज्ञ 28 अप्रैल से 8 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिव पुराण कथा वाचन, रास लीला और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में यूपी और बिहार के प्रसिद्ध कलाकार जैसे धीरजकांत, राजीव सिंह, अरबिंद सिंह, हेलो मिथिला और पूनम मिश्रा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष ललिता झा, बिनोद मिश्र, संजय झा, दीपक ठाकुर, अमलेश झा, गौरीशंकर झा, चंदन ठाकुर, मनोज झा, बमबम झा और गंगासागर झा सहित यज्ञ समिति के कई सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शोभायात्रा को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में यज्ञ में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!