आनन्दराम ढांढनियाँ सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर के विशाल केशव सभागार में भारतीय संविधान के महान शिल्पकार, समानता एवं सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाई गई

अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।
भागलपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान सुमंत कुमार, पूर्ववर्ती छात्र एवं कार्यक्रम प्रमुख श्री उमाशंकर जी तथा भैया-बहनों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर भैया-बहनों ने डॉ. अंबेडकर जी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं उनके प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने भाषण, गीत, कविता एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुमंत कुमार जी ने कहा कि “डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को एक नई दिशा प्रदान करते हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर एक समतामूलक एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।”
अंत में सभी ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
