बकरीद पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
शांति, सौहार्द एवं गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने का आह्वान
किशनगंज, 26 मई।
जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों, नागरिक एकता मंच के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि शांति समिति की भूमिका केवल पर्व-त्योहारों तक सीमित न रहकर जिले के विकासात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी सुनिश्चित की जाए। सदस्यों ने जिला स्थापना दिवस सहित अन्य सरकारी आयोजनों में भी शांति समिति के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि आगामी जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम में सभी शांति समिति सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा तथा उनके बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी महोदय ने जिला संघर्ष समिति के नाम का उल्लेख करते हैं जिला स्थापना दिवस की शुरुआत की गई थी।
बैठक में शहर की साफ-सफाई, डंपिंग यार्ड में कचरे के निष्पादन, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने इमली गोला चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए अतिरिक्त एवं मजबूत पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया। साथ ही शहर में नियमित साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा कुर्बानी के अवशेषों के वैज्ञानिक एवं नियमानुकूल निष्पादन की मांग की गई।
सदस्यों ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण एवं भाईचारे का पर्व है तथा जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने के लिए सभी समुदायों को मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने तीन दिनों तक पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी आग्रह किया।
बैठक में यह भी बताया गया कि 28 मई को प्रातः 09 बजे तक नमाज संपन्न हो जाएगी, जिसके बाद कुर्बानी की प्रक्रिया शुरू होगी। सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी सदस्यों द्वारा उठाई गई।
जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने कहा कि शांति समिति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से कम-से-कम 05 से 10 नए युवाओं को समिति से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर से भी नई पीढ़ी को शांति समिति में शामिल करने का निर्देश प्राप्त हुआ है तथा इसके लिए संगठित कार्ययोजना बनाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि किशनगंज की सामाजिक एकता एवं आपसी सौहार्द पूरे राज्य के लिए उदाहरण है। यहां बड़ी से बड़ी समस्या भी संवाद एवं आपसी समझदारी से सुलझ जाती है। जिला पदाधिकारी ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं नवपदस्थापित एसडीपीओ को दिया। साथ ही अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखने तथा पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिले की पहचान हमेशा से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण पर्व-त्योहारों के आयोजन के लिए रही है। यहां के लोग आपसी भाईचारे एवं समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि “शांति है तो प्रगति है और शांति है तो तरक्की है।” भारत की “अनेकता में एकता” की परंपरा तथा किशनगंज की इन्द्रधनुषी एकता जिले की सबसे बड़ी पहचान है, जहां सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील मंदिरों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी भ्रामक सूचना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन एवं पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने किरायेदार सत्यापन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि मकान मालिकों के लिए एक निर्धारित प्रपत्र तैयार किया गया है तथा आगामी दो दिनों के भीतर किरायेदारों का थाना स्तर पर सत्यापन अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में नगर परिषद को बरसात से पूर्व नालों की सफाई एवं शहर में नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बताया गया कि शहर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि जून माह के प्रथम सप्ताह के बाद पुनः शांति समिति के सदस्यों के साथ सामान्य बैठक आयोजित किया जाएगा।
