जीविका दीदियों की महानंदा लीफ चायपत्ती बनी किशनगंज की पहचान, इस सीजन 1 लाख किलो उत्पादन
बिहार ब्यूरो
नजमुल हसनैन उर्फ जकी
जीविका दीदियों द्वारा संचालित महानंदा टी फैक्ट्री में इस सीजन अब तक 1 लाख किलो महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन किया जा चुका है। इसके लिए लगभग 5.22 लाख किलो हरा चायपत्ता किसानों से खरीदा गया है। पोठिया स्थित टी प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई का संचालन महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कर रही है।
जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि इस वर्ष 10 लाख किलो चायपत्ती उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। पिछले सीजन में 1.5 लाख किलो चायपत्ती की बिक्री से करीब 2.83 करोड़ रुपये की आय हुई थी। फैक्ट्री से सीधे 45 लोगों को रोजगार मिला है, जबकि लगभग 1800 किसानों से चायपत्ता खरीदा जा रहा है।
जीविका दीदियों के नेतृत्व में संचालित यह फैक्ट्री स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महानंदा लीफ चायपत्ती अब किशनगंज की नई पहचान बनती जा रही है।
