किशनगंज में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पुल का विधायक गोपाल अग्रवाल ने किया निरीक्षण, जल्द आवागमन बहाल करने का भरोसा

किशनगंज/ठाकुरगंज।
पिछले दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हुई भारी बारिश के कारण निचले इलाकों की नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके चलते किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड की कई पंचायतें प्रभावित हुईं। बाढ़ और तेज बहाव से कई पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ठाकुरगंज के स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने पटना से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने तथा आवागमन बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। विधायक के निर्देश के बाद मानिकपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

पटना से लौटने के बाद रविवार को विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल मानिकपुर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे आम लोगों का आवागमन पूर्व की तरह सुचारु रूप से शुरू हो सके। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुल की मरम्मत और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था शीघ्र कराई जाएगी।

इस अवसर पर पूर्व प्रमुख मुस्ताक आलम ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण के दौरान दर्जनों स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!