कटिहार में डॉक्टर्स डे पर मेडिकल कॉलेज में मानव श्रृंखला: मरीजों को बेहतर इलाज का लिया संकल्प, डॉक्टरों को किया सम्मानित
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कटिहार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान कुलाधिपति डॉ. अहमद अशफाक करीम के मार्गदर्शन और अस्पताल अधीक्षक सह विभागाध्यक्ष डॉ. सीबा हुसैन के नेतृत्व में डॉक्टरों ने मानव श्रृंखला बनाई।
इस मानव श्रृंखला के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य सेवा, मानवता और चिकित्सकीय समर्पण का संदेश दिया गया। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति, कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों,
जूनियर डॉक्टरों और रेजिडेंट डॉक्टरों सहित सभी चिकित्सकों ने एकजुटता दिखाई। यह श्रृंखला जनस्वास्थ्य के प्रति चिकित्सकों की प्रतिबद्धता और सेवा भावना को दर्शाती है।
समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लिया
कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों ने मरीजों को संवेदनशील, गुणवत्तापूर्ण और समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लिया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सीबा हुसैन ने इस अवसर पर कहा कि डॉक्टर का पेशा सेवा का पेशा है और मरीजों की सेवा ही डॉक्टरों का सबसे बड़ा इनाम है।
इस आयोजन में फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, जूनियर चिकित्सक और अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में कटिहार मेडिकल कॉलेज की कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं
कुलाधिपति डॉ. अहमद अशफाक करीम ने अपने संदेश में चिकित्सकों को समाज की रीढ़ बताया। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान डॉक्टरों द्वारा जान जोखिम में डालकर की गई सेवा को अविस्मरणीय बताते हुए सभी डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
इस डॉक्टर्स डे आयोजन ने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण और मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के अंत में सभी डॉक्टरों ने मरीजों की सेवा में दिन-रात जुटे रहने के अपने संकल्प को फिर से दोहराया।
