किशनगंज, बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने शुक्रवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि और उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है। किसी भी समस्या के उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि आमजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी किसी कारणवश कार्यालय में उपस्थित नहीं हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। वहीं, एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले पदाधिकारी सोमवार और शुक्रवार को सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर सभी संबंधित कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम लोगों से मिलेंगे।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आमजनों को बेहतर सुविधा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
