केस उठाने को लेकर पूरे परिवार पर हमला, लाठी-डंडे और रॉड से की पिटाई; कई घायल
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर नवगछिया: खरीक थाना क्षेत्र के खरीक बाजार स्थित मोदी टोला से मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि केस उठाने को लेकर प्रभु दास ने करीब छह लोगों के साथ मिलकर संतोष दास, अंजली देवी समेत उनके परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में परिवार के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।घायल संतोष दास के अनुसार, करीब दो महीने पहले किसी बात को लेकर उनका प्रभु दास के साथ विवाद हुआ था। इसी मामले को लेकर केस दर्ज कराया गया था। आरोप है कि इसके बाद से ही प्रभु दास और उसके साथियों की ओर से लगातार केस उठाने का दबाव बनाया जा रहा था। केस नहीं उठाने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी जा रही थी।संतोष दास का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर प्रभु दास करीब छह लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लाठी-डंडे और रॉड से हमला किया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मारपीट में घायल संतोष दास शिकायत लेकर खरीक थाना पहुंचे। संतोष के मुताबिक, थानेदार ने पहले इलाज कराने की सलाह दी। इसके बाद घायल को खरीक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज रेफर कर दिया।परिजनों का कहना है कि हमले में कई लोगों को चोटें आई हैं और उनका इलाज मायागंज अस्पताल में कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है,फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की घटना के वास्तविक कारण और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी
