भागलपुर में ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 38 ग्राम से अधिक नशीला पदार्थ जब्त
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 मार्च 2026 को लोदीपुर थाना क्षेत्र के पासवान टोला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फूटो पासवान के रूप में की गई है। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 12.960 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए आशीष मंडल को भी गिरफ्तार किया। आशीष मंडल के पास से 25.413 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल 38.373 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। इस संबंध में सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
