कटिहार में जाम से निपटने की तैयारी, ऑटो-टोटो के लिए बने अस्थायी पार्किंग स्थल
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार /बिहार
एंकर इंट्रो: कटिहार शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने ऑटो और टोटो वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसको लेकर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में ऑटो-टोटो संघ के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या और लगातार लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के उद्देश्य से आगरा चौक, चौधरी मोहल्ला और सहायक थाना के निकट मिर्चाईबारी में ऑटो और टोटो के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
ऑटो-टोटो संघ के पदाधिकारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। संघ की ओर से निगम प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया।
बैठक के दौरान टोटो और ऑटो के संचालन के लिए रूट निर्धारण, यात्रियों की सुविधा तथा पार्किंग स्थलों से वाहनों के सुचारू परिचालन पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने संघ को एक सप्ताह के भीतर वाहनों की संख्या और प्रस्तावित रूट की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
नगर निगम का मानना है कि निर्धारित पार्किंग व्यवस्था और सुनियोजित रूट संचालन लागू होने के बाद शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।
