कटिहार में दर्जनों युवाओं ने ली JDU की सदस्यता: अभियान में दिखा उत्साह, संगठन विस्तार पर जोर, नेताओं ने किया स्वागत

कटिहार में दर्जनों युवाओं ने ली JDU की सदस्यता: अभियान में दिखा उत्साह, संगठन विस्तार पर जोर, नेताओं ने किया स्वागत

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का संगठनात्मक विस्तार लगातार जारी है। रविवार को जिला अतिथि गृह में आयोजित एक समारोह में दर्जनों युवाओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस कार्यक्रम का आयोजन जदयू महानगर अध्यक्ष विशाल सिंह राणा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने नव-सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। उन्हें संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे।
सुशासन की राजनीति को नई दिशा मिली
जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय ने इस मौके पर कहा कि बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन की राजनीति को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जदयू की नीतियों पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं।
राय ने संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से पार्टी को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि युवा चेहरा निशांत कुमार से भी बड़ी संख्या में युवा प्रभावित हो रहे हैं और जदयू की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। आने वाले समय में सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया
महानगर अध्यक्ष विशाल सिंह राणा ने कहा कि जदयू हमेशा से युवाओं को नेतृत्व देने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम करती रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी में शामिल हुए युवाओं की नई सोच, ऊर्जा और सक्रियता संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि युवाओं के बढ़ते जुड़ाव का सकारात्मक प्रभाव आगामी चुनावों में भी देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में, नव सदस्य बने युवाओं ने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!