Katihar: जून से कमाल समर कैम्प, कमजोर छात्रों को सीखने का मिलेगा अवसर

Katihar: जून से कमाल समर कैम्प, कमजोर छात्रों को सीखने का मिलेगा अवसर

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

जागेश्वर उच्च विद्यालय गुरुबाजार में शनिवार को समर कैम्प-2026 के सफल संचालन को लेकर प्रखंड स्तरीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षा विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से 1 जून से 30 जून तक गांव एवं टोला स्तर पर आयोजित होने वाले ‘कमाल’ समर कैम्प की विस्तृत रूपरेखा रखी गई। कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर राम जयपाल सिंह यादव ने किया, जिन्होंने स्वयंसेवकों को बेसलाइन एवं एंडलाइन मूल्यांकन, डेटा एंट्री, उपस्थिति संधारण तथा शिक्षण गतिविधियों की बारीकियां सिखाईं। इस मौके पर केआरपी अनूप गुप्ता, लेखपाल संतोष पासवान, राजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।

इस कैम्प का मुख्य उद्देश्य कक्षा 5 एवं 6 के उन बच्चों की भाषा एवं गणितीय दक्षता को मजबूत करना है, जिन्हें सरल पाठ पढ़ने, समझने अथवा बुनियादी गणितीय क्रियाओं को हल करने में कठिनाई होती है। मास्टर ट्रेनर राम जयपाल सिंह यादव ने बताया कि चयनित बच्चों को प्रतिदिन एक से डेढ़ घंटे तक विशेष खेल, कहानी, पठन-पाठन, शब्दकोश, चित्र आधारित गतिविधियों तथा गणितीय अभ्यास के जरिए रुचिकर तरीके से पढ़ाया जाएगा। केआरपी अनूप गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रत्येक कैम्प में 10 से 15 अथवा उससे अधिक बच्चों को शामिल किया जाएगा। जिला शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी शिक्षा सेवक एवं तालीमी मरकज कर्मी स्वयंसेवक के रूप में अपने-अपने केन्द्रों पर मुस्तैदी से कैम्प का संचालन करेंगे। पूर्व में आयोजित समर कैम्पों के सकारात्मक परिणाम को देखते हुए इस वर्ष भी कमजोर विद्यार्थियों को सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

समेली प्रखंड परिसर स्थित सभागार में शनिवार को बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा सेवकों एवं तालीमी मरकज कर्मियों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ग्रीष्मावकाश के दौरान आयोजित होने वाले भाषाई एवं गणितीय समर कैंप-2026 के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश और प्रशिक्षण दिया गया।कार्यशाला में बताया गया कि प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से कक्षा 5 एवं 6 के ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए समर कैंप चलाया जाएगा, जो भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं में कमजोर हैं। बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि समर कैंप बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षा सेवकों एवं तालीमी मरकज कर्मियों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित गतिविधियों के प्रभावी संचालन का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। प्रतिभागियों को कैंप संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को समर कैम्प संचालन मॉड्यूल उपलब्ध कराया गया तथा इसके सफल संचालन में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। मास्टर ट्रेनर राम जयपाल सिंह यादव, केआरपी अनूप गुप्ता, लेखपाल संतोष पासवान और राजीव कुमार की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रखंड के शिक्षा सेवक, तालीमी मरकज कर्मी एवं अन्य नामित स्वयंसेवक उपस्थित थे, जो बच्चों के बुनियादी कौशल को निखारने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!