कटिहार के कुर्सेला पुलिस ने 26 चोरी के मोबाइल बरामद किए: 10 आरोपी गिरफ्तार, गिरोह में दो नाबालिग भी शामिल
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार जिले की कुर्सेला थाना पुलिस ने बुधवार को चोरी के मोबाइल के अवैध कारोबार में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुलाब शाह के कॉलेज रोड, हवाई अड्डा चौक स्थित आवास पर छापेमारी कर 26 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आठ वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं। गिरफ्तार वयस्कों की पहचान सचितानंद चौधरी (32), दीनानाथ चौधरी (21), जोगी कुमार सिंह उर्फ सूर्य (21), गंगा कुमार महतो (38), रविन्द्र कुमार (20), राजेश कुमार चौधरी (27), सुलेखा देवी (29) और कुंदन कुमार महतो के रूप में हुई है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अमदाबाद, साहेबगंज मुफ्फसिल, राजमहल सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री में सक्रिय था।
कुर्सेला थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं। इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है।
