नीट में 569 अंक लाकर शाहबाज आलम ने बढ़ाया जिले का मान, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

नीट में 569 अंक लाकर शाहबाज आलम ने बढ़ाया जिले का मान, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

 

ठाकुरगंज: सखुआडाली पंचायत के वार्ड संख्या 06 स्थित धूलाबाड़ी गांव निवासी लाल मोहम्मद के पुत्र मोहम्मद शाहबाज आलम ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 569 अंक प्राप्त कर परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और माला पहनाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया।

शाहबाज आलम ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार की गई मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाती है तथा वह आगे भी पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखेंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करने की अपील करते हुए कहा कि समर्पण और अनुशासन के साथ की गई तैयारी से किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। साथ ही उन्होंने सम्मान और शुभकामनाएं देने पहुंचे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पूर्व मुखिया जमील अख्तर ने शाहबाज की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र का नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि शाहबाज आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनेंगे और समाज की सेवा करेंगे।

मास्टर जाहिद आलम ने कहा कि शाहबाज की सफलता गांव के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बच्चों को परिवार और समाज का सहयोग मिलना आवश्यक है।

इस अवसर पर मोहम्मद शोएब आलम, मोहम्मद नवेद आलम, मोहम्मद सिपटन रजा, मोहम्मद इस्तियाक सहित कई लोगों ने शाहबाज आलम को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि शाहबाज की उपलब्धि यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!