कटिहार में दूध की समस्या का समाधान, पंचायत भवन में खुलेगा सुधा मिल्क पार्लर; 19 भवनों का होगा निर्माण

कटिहार में दूध की समस्या का समाधान, पंचायत भवन में खुलेगा सुधा मिल्क पार्लर; 19 भवनों का होगा निर्माण

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 19 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण किया जाएगा, जिनके परिसर में सुधा मिल्क पार्लर भी खुलेंगे।

अब पंचायत सरकार भवन के साथ उसके परिसर में सुधा मिल्क होल डे पार्लर खुलेगा। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 19 पंचायत सरकार भवन का निर्माण होना है।

इसमें से कदवा में तीन, बरारी में दो, कोढ़ा में तीन, समेली में एक, बलरामपुर में दो, प्राणपुर में दो, कटिहार में तीन, मनिहारी में एक, मनसाही में एक एवं अमदाबाद में एक पंचायत सरकार भवन का निर्माण होना है।

पंचायतों में भवन निर्माण की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। सभी भवन के परिसर में सुधा होल डे मिल्क पार्लर बनाने की भी स्वीकृति दी गई है। मिल्क पार्लर के निर्माण होने से पशु पालकों के साथ आम लोगों को दूध की समस्या का समाधान होगा

जारी पत्र के अनुसार, कदवा प्रखंड के तेतालिया, कंटिया एवं मधाईपुर पंचायत में भवन बनना है। जिसके लिए तेतालिया बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र होने की वजह से सबसे अधिक राशि दो करोड़ 82 लाख 89 हजार, कंटिया को दो करोड़ 35 लाख 71 हजार एवं मधाईपुर को दो करोड़ 40 लाख 78 हजार की राशि का प्राक्कलन है।

सभी पंचायतों को पंचायत सरकार भवन निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायती राज पदाधिकारी को कार्यों के सतत पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवन करने के लिए निदेशित किया गया है।

इस संबंध में कदवा के पंचायती राज पदाधिकारी ललित कुमार विश्वास ने बताया कि तीनों पंचायत में भवन निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!