अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।
रेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में *पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के अंतर्गत सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB) के गर्डर लॉन्चिंग कार्य को सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न किया है।* यह कार्य पीरपैंती रेलवे स्टेशन के बाद इस प्रकार की दूसरी महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो आधुनिक एवं विश्वस्तरीय स्टेशन पुनर्विकास के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। *यह कार्य मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आरएसपी/पूर्व रेलवे श्री विनोद कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में गति शक्ति इकाई/मालदा द्वारा संपन्न किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक, मालदा श्री मनीष कुमार गुप्ता का सतत सहयोग तथा मुख्य अभियंता/निर्माण/आरएसपी-III/पूर्व रेलवे श्री राकेश रंजन के नेतृत्व में कार्य सम्पन्न हुआ।*
*यातायात अवरोध (ट्रैफिक ब्लॉक) से ठीक पहले तथा उसके दौरान भारी वर्षा, आंधी एवं तेज हवा जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद यह कार्य दिनांक 08/09.05.2026 एवं 09/10.05.2026 की मध्यवर्ती दो रात्रियों में निर्धारित 4 घंटे 30 मिनट के ट्रैफिक ब्लॉक (22:45 बजे से 03:15 बजे तक) के भीतर सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न किया गया। गर्डरों को सुरक्षित रूप से स्थापित करने के उपरांत निर्धारित समय सीमा के भीतर ब्लॉक समाप्त कर दिया गया, जिससे ट्रेन सेवाओं का समयबद्ध एवं सुचारु पुनर्संचालन सुनिश्चित हुआ तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।*
*यह फुट ओवर ब्रिज (FOB) दो स्पैन से युक्त है, जिसमें कुल 22 गर्डर लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक गर्डर की लंबाई लगभग 23 मीटर तथा वजन लगभग 8.3 मीट्रिक टन है। प्रत्येक दिन 250 एमटी क्षमता वाले रोड क्रेन की सहायता से स्पैनवार गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया गया। तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण इस कार्य की सफल पूर्णता अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।*
यह कार्य मंडल के इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा अन्य संबद्ध विभागों के घनिष्ठ समन्वय से सम्पन्न हुआ। सभी विभागों की उत्कृष्ट टीमवर्क, सूक्ष्म योजना तथा अटूट प्रतिबद्धता ने निर्धारित ब्लॉक अवधि के भीतर इस कार्य को सुरक्षित, समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पूरा करना सुनिश्चित किया, जो मालदा मंडल की परिचालन उत्कृष्टता एवं सुरक्षा के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नव स्थापित फुट ओवर ब्रिज यात्रियों की सुरक्षा, सुगमता एवं सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा। इससे प्लेटफार्मों के बीच सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा, भीड़भाड़ में कमी आएगी, यात्री आवागमन अधिक व्यवस्थित होगा तथा यात्रियों को अधिक सहज एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। यह भारतीय रेल की यात्री-केंद्रित अवसंरचना विकास की परिकल्पना के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है।
मालदा मंडल आधुनिक अवसंरचना विकास एवं यात्री सुविधाओं के सतत विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी यात्रियों को सुरक्षित, स्मार्ट, अधिक दक्ष एवं यात्री-अनुकूल रेल सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर कार्यरत है।
