भागलपुर नगर निगम द्वारा भोलानाथ पुल और बौंसी पुल ROB कार्य का स्थलीय निरीक्षण; जल-जमाव और जन-समस्याओं के त्वरित निपटारे हेतु रेलवे एवं पुल निर्माण निगम को सख्त निर्देश जारी
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर शहर को जल-जमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आज दिनांक 26.06.2026 को एक उच्च स्तरीय संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में माननीय महापौर , उप-महापौर, नगर आयुक्त, विभिन्न वार्ड पार्षदों एवं नगर निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
टीम द्वारा भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित निर्माणाधीन STP, भोलानाथ पुल और बौंसी पुल के पास चल रहे ROB (रेलवे ओवर ब्रिज) कार्य की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर कमियों और जल-जमाव की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त द्वारा संबंधित विभागों को 24 घंटे के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
*रेलवे विभाग को दिए गए मुख्य निर्देश:*
*STP का तत्काल संचालन और डायवर्जन:* वर्तमान में रेलवे यार्ड का STP कार्यशील न होने के कारण गंदा पानी सीधे भोलानाथ पुल के पास नाले में गिर रहा है, जिससे वहाँ हमेशा जल-जमाव बना रहता है। रेलवे प्राधिकार को इस डिस्चार्ज को तुरंत STP चेंबर में डायवर्ट करने और केवल उपचारित जल ही बाहर निकालने का निर्देश दिया गया है।
*अवरुद्ध ड्रेनेज की सफाई:* भोलानाथ और बौंसी पुल के नीचे पूरी तरह से जाम हो चुके रेलवे ड्रेनेज सिस्टम को तत्काल साफ कर जल निकासी बहाल करने को कहा गया है।
*पक्का नाला और सुरक्षा दीवार का निर्माण:* मानसून के ठीक बाद रेलवे क्षेत्र के कच्चे नाले को पक्की संरचना में बदलने के लिए तत्काल प्राक्कलन (estimate) तैयार करने और पानी का ओवरफ्लो रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर लगभग एक मीटर ऊँची सुरक्षा दीवार (retaining wall) बनाने का निर्देश दिया गया है।
*पुल निर्माण निगम के लिए दिशा-निर्देश:*
*अस्थायी ड्रेनेज व्यवस्था:* जहाँ भी भूमि अधिग्रहण का मामला लंबित है, वहाँ जल निकासी प्रभावित न हो इसके लिए तत्काल अस्थायी कच्ची नाली का निर्माण किया जाए।
*धूल नियंत्रण एवं जन-सुविधा:* निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए सड़कों पर प्रतिदिन सफाई और वाटर स्प्रिंकलर की मदद से धूल नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*BUIDCO के साथ संयुक्त सर्वेक्षण:* पाइपलाइन शिफ्टिंग के संबंध में बुडको (BUIDCO) के साथ शीघ्र संयुक्त सर्वेक्षण करने को कहा गया है। बुडको द्वारा पाइपलाइन स्थानांतरित किए जाने से पहले पुल निर्माण निगम का कार्य किसी भी परिस्थिति में प्रारंभ नहीं किया जाएगा।
*24 घंटे में मांगी गई सचित्र रिपोर्ट*
भागलपुर नगर निगम निरीक्षण के दौरान चिन्हित किए गए सभी सुधारात्मक उपायों को *24 घंटे के भीतर* पूर्ण किया जाए। सभी संबंधित पदाधिकारियों और निर्माण एजेंसियों (श्री राम कंस्ट्रक्शन एवं हरदेव कंस्ट्रक्शन) को अनुपालन का सचित्र प्रतिवेदन (photo report) अनिवार्य रूप से अधोहस्ताक्षरी को सौंपने का आदेश दिया गया है। इन निर्देशों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया है ताकि आम जनता को जल-जमाव और धूल से जल्द राहत मिल सके।
