बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 27 जून को होगा भव्य राष्ट्रीय आम समागम–2026
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार
*9 राज्यों से आए लगभग 1000 आम की किस्में एवं 2000 से अधिक प्रदर्श, किसानों, वैज्ञानिकों और आम प्रेमियों का होगा महाकुंभ*
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर द्वारा दिनांक 27 जून 2026 को राष्ट्रीय आम समागम–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आम उत्पादन, अनुसंधान, प्रसंस्करण, विपणन एवं कृषि नवाचार को समर्पित यह आयोजन देश के सबसे महत्वपूर्ण आम महोत्सवों में से एक होगा।
इस वर्ष के राष्ट्रीय आम समागम में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तराखंड सहित कुल 9 राज्यों से लगभग 1000 आम की विभिन्न किस्मों तथा 2000 से अधिक प्रदर्शों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में देशभर की दुर्लभ, पारंपरिक एवं उन्नत आम की किस्मों के साथ-साथ मूल्य संवर्धित उत्पाद, आधुनिक बागवानी तकनीक, प्रसंस्करण तकनीक, कृषि स्टार्टअप, वैज्ञानिक नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़े आकर्षक प्रदर्श भी देखने को मिलेंगे।
राष्ट्रीय आम समागम–2026 का उद्देश्य आम उत्पादन की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों का प्रसार, किसानों की आय में वृद्धि, बागवानी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना तथा किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के बीच ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है। यह आयोजन किसानों, बागवानों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, उद्यमियों तथा आम प्रेमियों के लिए सीखने, संवाद स्थापित करने और नए अवसरों को समझने का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।
*बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि*
“राष्ट्रीय आम समागम–2026 केवल आम की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय बागवानी, वैज्ञानिक नवाचार और किसान समृद्धि का एक राष्ट्रीय मंच है। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को उन्नत तकनीकों, उत्कृष्ट किस्मों, मूल्य संवर्धन एवं विपणन के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य आम उत्पादकों की आय बढ़ाना, बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देना तथा बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर आम उत्पादन एवं नवाचार के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करना है।”
विश्वविद्यालय ने प्रदेश एवं देशभर के किसानों, उद्यान प्रेमियों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, उद्यमियों तथा आम जनमानस से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।
