बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प, बिनैका में मनाया गया प्रवेशोत्सव
बिनैका। पूर्व माध्यमिक शाला बिनैका में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे रहे। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ज्वाला प्रसाद बंजारे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने एवं अपने माता-पिता तथा गुरुजनों का सम्मान करने की प्रेरणा दी गई।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वजीत राय, प्रमोद राज, लोकेश भैना, प्रधान पाठक विजय उरांव, रूपेश लहरे, सुरेंद्र त्रिपाठी, विजय थवाईत, थानेश्वर बंजारे, संतोष दर्वे, उमेश कुसरो, प्रतिभा बोले, अन्नपूर्णा कौशिक सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संवाददाता -महेंद्र सिंह राय
