कटिहार में रसोइया संघ का धरना, कलेक्ट्रेट में प्रोटेस्ट-नारेबाजी: बोले-चतुर्थवर्गीय कर्मचारी का दर्जा मिले, मानदेय 21 हजार रुपये प्रतिमाह करें
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ के आह्वान पर सोमवार को कटिहार समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन 17 सूत्री मांगों को लेकर आयोजित किया गया था।
जिसका नेतृत्व संघ के राज्य उपमहासचिव सह जिला अध्यक्ष कामरेड मो. मूसा ने किया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में रसोइया शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए मो. मूसा ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत रसोइया लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन 17 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
रसोइयों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र मिले
संघ की प्रमुख मांगों में मध्याह्न भोजन कर्मियों को चतुर्थवर्गीय कर्मचारी का दर्जा देना, मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रतिमाह करना, सभी रसोइयों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र निर्गत करना तथा 12
महीने का नियमित भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, कार्यस्थल पर रसोइयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगें भी रखी गईं।
सरकार से मांगों पर शीघ्र समाधान करने की अपील
संघ के नेताओं ने बताया कि रसोइया विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद, उन्हें उचित मानदेय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की।
मो. मूसा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो जिले के सभी रसोइया एकजुट होकर पटना में व्यापक आंदोलन करेंगे। इस धरना-प्रदर्शन के दौरान संघ के मो. सईद, प्रखंड अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
