खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन पर सख्ती, चेक पोस्ट पर CCTV लगाने के निर्देश
किशनगंज: जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लघु खनिज से प्राप्त राजस्व, बालूघाटों की नीलामी एवं संचालन, अवैध खनन, परिवहन व भंडारण, ईंट-भट्ठों, जब्त वाहनों के राजसात सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य विभागों को योजनाओं में उपयोग किए गए लघु खनिज के संबंध में नियमानुसार मालिकाना फीस एवं स्वामित्व शुल्क की राशि जमा करने का निर्देश दिया। ईंट-भट्ठों की श्रम अधीक्षक के साथ संयुक्त जांच कराने तथा जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया।
जिले में अवस्थित बालू स्टॉक एवं चालान की जांच करने का भी निर्देश दिया गया। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए गलगलिया, फरिंगगोला एवं रामपुर चेक पोस्ट पर CCTV कैमरे लगाने को कहा गया। साथ ही अवैध खनन के संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया।
राजस्व वसूली में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि: जिला खनन कार्यालय के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 943.60 लाख रुपये के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1466.33 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है। वहीं अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध 24 प्राथमिकी दर्ज कर 134 वाहनों को जब्त किया गया है। इन मामलों में 344.61 लाख रुपये की दंड राशि अधिरोपित की गई है, जबकि 275.30 लाख रुपये दंड की वसूली हो चुकी है।
अगस्त माह में अवैध खनन से जुड़े कुल 17 जब्त वाहनों के राजसात का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, MVI, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित PHE D, भवन, विद्युत, RCD, RWD, NHAI एवं LAEO के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
