डीएम नवीन कुमार ने रक्तदान कर दिया सकारात्मक संदेश, पुलिस परिवार के शिविर में 38 यूनिट रक्त संग्रह
किशनगंज, मंगलवार। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा खगड़ा स्थित खेल भवन परिसर में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत एवं सचिव मिक्की साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा ने नवपदस्थापित जिलाधिकारी नवीन कुमार का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया तथा आम लोगों से भी इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर देते हुए युवाओं एवं आमजन से इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है तथा रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि नई एंटीबॉडीज के निर्माण से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि दान किया गया रक्त कुछ ही दिनों में शरीर में पुनः बन जाता है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे उत्तम माध्यम है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है और हृदय रोगों के खतरे को कम करने में भी सहायता मिलती है।
रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा ने बताया कि संस्था के स्वयंसेवक विभिन्न आपदाओं, महामारी, बाढ़, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य मानवीय संकटों के दौरान लगातार सेवा कार्यों में जुटे रहते हैं। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को गोद लेकर निःशुल्क फूड पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं और यह अभियान निरंतर जारी है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रक्तदान शिविर में कुल 38 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर चौधरी, डीएस डॉ. अनवार हुसैन, वाइस चेयरमैन शंकरलाल महेश्वरी, नागरमल झावर, राजकरण दफ्तरी, रमेश साहा, नवीन साहा, विमल मित्तल, प्रकाश बोथरा, शिवम साहा, सिरोजित दास, अजय सिंह, सौरभ कुमार सहित सदर अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, तकनीशियन और ब्लड बैंक की टीम उपस्थित थी।
