कटिहार में सोलर मेला: छत पर सोलर लगाने पर ₹78 हजार तक सब्सिडी, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का फायदा

कटिहार में सोलर मेला: छत पर सोलर लगाने पर ₹78 हजार तक सब्सिडी, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का फायदा

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार के डीसीआर भवन में गुरुवार को सोलर मेला आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना (PMSGMBY) के तहत आम लोगों को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए जागरूक करना और मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा प्रदान करना था। यह मेला बिजली बिल से राहत और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया।

मेले का उद्घाटन कटिहार सदर विधायक एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किया। इस अवसर पर उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के अधिकारी, नगर निगम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी
कार्यक्रम में बताया गया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार ने 29 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी। इस योजना का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2026-27 तक देश के एक करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है।

योजना के तहत आवासीय उपभोक्ता अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर स्वयं बिजली उत्पादन कर सकेंगे। वे अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेच भी सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा भारी सब्सिडी दी जा रही है।

हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली शामिल
योजना की प्रमुख विशेषताओं में 2 किलोवाट तक के सोलर प्लांट पर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली शामिल है। सब्सिडी के तौर पर 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक पर 78 हजार रुपये तक दिए जा रहे हैं।

उपभोक्ताओं को बिना गारंटी के बैंकों से कम ब्याज पर लोन की सुविधा भी मिल रही है। योजना के लिए http://pmsuryaghar.gov.in पोर्टल या नजदीकी CSC केंद्र से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

डीसीआर भवन परिसर में लगे स्टॉलों पर सोलर पैनल निर्माता कंपनियों, वेंडरों और बैंक के प्रतिनिधियों ने लोगों को योजना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बिजली बिल में होने वाली बचत, इंस्टॉलेशन की लागत और रखरखाव के बारे में प्रदर्शन (डेमो) भी दिखाया।

पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार होगी
NBPDCL के अधिकारियों ने कहा कि कटिहार नगर निगम क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए यह मेला खास तौर पर लगाया गया है। इच्छुक लोग मौके पर ही आवेदन कर सकते हैं।

विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना न केवल बिजली बिल कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं।

जिला प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस तरह के सोलर मेले लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!