कटिहार में जीविका दीदियों ने DM से की शिकायत: ऑफिसर्स पर मेंटल हरासमेंट, गलत बर्ताव का आरोप; जांच की मांग

कटिहार में जीविका दीदियों ने DM से की शिकायत: ऑफिसर्स पर मेंटल हरासमेंट, गलत बर्ताव का आरोप; जांच की मांग

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार में जीविका कैडरों और दीदियों ने जिला पदाधिकारी (DM) को आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जीविका विभाग के अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और फर्जी मामलों में फंसाने का आरोप लगाया है। दीदियों ने इस पूरे मामले की जांच जीविका विभाग से हटाकर एक स्वतंत्र टीम से कराने की मांग की है।
ग्राम श्रीरामपुर की संगीता देवी, जो मां गंगा सीएलएफ के अंतर्गत सबलनारी जीविका महिला ग्राम संगठन में 22 सितंबर 2015 से सी.एम. (कम्युनिटी मोबिलाइजर) के पद पर कार्यरत हैं, ने यह आवेदन दिया है। उनके अनुसार, यह मामला अधिकारियों द्वारा लगातार उत्पीड़न से जुड़ा है।

महिलाओं पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश

संगीता देवी ने बताया कि पूर्व में एम.आर.पी. चुन्नी देवी ने सी.सी. धीरेंद्र कुमार पर छेड़छाड़, मानसिक उत्पीड़न और महिलाओं के प्रति गलत व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस संबंध में कई अन्य कैडरों ने भी लिखित शिकायतें दी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए धीरेंद्र कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया था।
हालांकि, आरोप है कि संबंधित अधिकारी अब भी धीरेंद्र कुमार को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। जो कैडर और दीदियां सच्चाई उजागर करने का प्रयास करती हैं, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
इसके अलावा, महिलाओं पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश की गई है। कई स्थानों पर वित्तीय अनियमितता और गबन की भी चर्चा है। दीदियों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच की जाती है, तो कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं।
किसी भी कैडर ने कोई अवैध वसूली नहीं की – संगीता देवी
आवेदन में जीविका के एस.जे.वाई. नोडल राहुल कुमार और बी.पी.एम. इंद्रजीत कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन पर कैडरों को झूठे मामलों में फंसाने, मानसिक प्रताड़ना देने और उन्हें कार्य से हटाने का प्रयास करने का आरोप है।
संगीता देवी ने बताया कि उन पर भी झूठे पैसे वसूली और गबन का आरोप लगाकर दबाव बनाया जा रहा है। जबकि, मां गंगा सीएलएफ के अध्यक्ष और सचिव द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि किसी भी कैडर ने कोई अवैध वसूली नहीं की है। एस.जे.वाई. दीदियों ने भी शपथ पत्र देकर पुष्टि की है कि उन्हें सभी सामग्री मिल चुकी है और कोई अवैध लेनदेन नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!