अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर मुक्ति निकेतन भागलपुर कटोरिया बांका ने किए कार्यक्रम और निकाला जागरूकता मार्च

डेस्क बिहार भागलपुर
27-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर मुक्ति निकेतन भागलपुर कटोरिया बांका ने किए कार्यक्रम और निकाला जागरूकता मार्च

भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही इस मुहिम की गूंज भागलपुर जिले में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन मुक्ति निकेतन भागलपुर ने जिले में 300 जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्वकर्ताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई और इस अपराध को समाप्त करने का संकल्प लिया। इसमें धर्म गुरुओं ने भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में अपना बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में महिला बाल विकास निगम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष शंकर, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय महम्मदपुर के हेडमास्टर कृत्यानंद पोद्दार और मध्य विद्यालय जगदीशपुर के हेडमास्टर आशुतोष कुमार मिश्रा ने हिस्सा लिया। मुक्ति निकेतन भागलपुर कटोरिया बांका,बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।
इस दौरान निकाले गए कैंडल मार्च में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के 1900 लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने न केवल बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को इस अपराध के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि विवाह समारोहों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधारक भी शामिल हुए। पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, रसोइयों, सजावट का काम करने वालों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट वालों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने न केवल कार्यक्रम में हिस्सा लिया बल्कि शपथ भी ली कि वे किसी भी बाल विवाह में भागीदार नहीं बनेंगे। साथ ही, कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मुक्ति निकेतन भागलपुर ने कहा, “हम पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि जिले में शुरू हुई हमारी यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हमें विश्वास है कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।”
भारत से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम के वैश्विक आंदोलन में बदलने की यात्रा पर जेआरसी के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा, “चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के अथक प्रयासों की एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे। यह भारत के लिए भी गर्व और उपलब्धि का क्षण था, क्योंकि हमारे देश में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज वैश्विक मंच पर मान्यता मिली और यह संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा बन गई। यह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से हो सकती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह पूरी दुनिया का आंदोलन बन सकता है।”
जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में नेटवर्क ने देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। मुक्ति निकेतन भागलपुर ने भी स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और सहयोग से अकेले वर्ष 2024-25 में जिले में 300 बाल विवाह रुकवाए हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह की दर का आंकड़ा साल 2019-21 में 23.3 फीसदी था, जो 2023-24 में घटकर 20.1 फीसदी हो गया। अगर भागलपुर जिले की बात की जाए तो ये आंकड़ा 2023-24 में 36.3 फीसदी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!