30 टन बालू से मधुरेंद्र ने उकेरी नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा, रेत पर लिखा ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

30 टन बालू से मधुरेंद्र ने उकेरी नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा, रेत पर लिखा ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’

सुशासन दिवस पर पटना के जदयू कार्यालय में सैंड आर्ट का अनूठा प्रदर्शन, नीतीश कुमार ने पीठ थपथपाकर दी बधाई, संजय झा और निशांत कुमार ने भी की सराहना

भागलपुर। बिहार की राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय परिसर में सुशासन दिवस के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कलाकारी से लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने 30 टन बालू से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची और 20 फीट लंबी विशाल रेत कलाकृति तैयार की। बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को समर्पित इस कलाकृति में कलाकार ने अपनी रचनात्मकता के जरिए विकास की तस्वीर को रेत पर जीवंत कर दिया।

सुशासन दिवस के उद्घाटन अवसर पर जदयू कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार ने परिसर में प्रवेश करते ही सबसे पहले सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की इस विशाल कलाकृति का अवलोकन किया। रेत पर उकेरी गई अपनी तस्वीर और बिहार के विकास को दर्शाते चित्रों को देखकर वे कुछ देर तक मुस्कुराते हुए कलाकृति को निहारते रहे। इस दौरान उन्होंने मधुरेंद्र कुमार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आप तो बिहार में हर जगह हमारे विकास कार्यों को बालू की रेत पर बनाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। इसके लिए आपको बधाई देता हूं। आप ऐसे ही अच्छा-अच्छा काम करते रहिए। धन्यवाद।

इस मौके पर जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी मधुरेंद्र की कलाकृति की सराहना की। उन्होंने अपने हाथों से इशारा करते हुए नीतीश कुमार को बालू पर बनी उनकी विशाल प्रतिमा और बिहार के विकास कार्यों को दर्शाते चित्रों के बारे में बताया।

वहीं, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी इस अनूठी कलाकृति को देखने पहुंचे। अपने पिता नीतीश कुमार की बालू से निर्मित विशाल प्रतिमा देखकर वे अभिभूत नजर आए। उन्होंने सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की पीठ थपथपाई, उनसे हाथ मिलाया और उनकी कला के लिए धन्यवाद दिया।

बिहार के नक्शे में उकेरी विकास योजनाओं की तस्वीर

इस विशाल सैंड आर्ट की सबसे खास बात यह रही कि मधुरेंद्र कुमार ने चटकदार और रंग-बिरंगे रंगों का प्रयोग कर बिहार के नक्शे को बेहद आकर्षक रूप दिया। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल बिहार, नल-जल योजना, बिजली और नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी साइकिल योजना को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कलाकृति पर हिंदी में ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ और ‘नीतीश कुमार बिहार के विकास पुरुष’ भी लिखा गया है। पूरी कलाकृति बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की एक प्रतीकात्मक तस्वीर प्रस्तुत करती है।

12 घंटे के कठिन परिश्रम से तैयार हुई विशाल कलाकृति

मीडिया से बातचीत में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस विशाल कलाकृति को तैयार करने में करीब 12 घंटे का कठिन परिश्रम लगा। इसके निर्माण में लगभग 30 टन बालू का इस्तेमाल किया गया है। कलाकृति की लंबाई 20 फीट और ऊंचाई 10 फीट है। उन्होंने बताया कि इस कलाकृति के माध्यम से कला के जरिए बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

बिहार के विकास का संदेश देती यह विशाल रेत कलाकृति इन दिनों पटना स्थित जदयू कार्यालय परिसर में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नीतीश कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा की गई सराहना ने इस कलाकृति को और भी खास बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!