किशनगंज में बाल विवाह के खिलाफ गूंजा जागरूकता का संदेश, 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया संकल्प
खेल भवन में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम, जिले की सभी पंचायतों में निकाला गया कैंडल मार्च; हजारों महिला-पुरुषों ने लिया हिस्सा
किशनगंज। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चलाए जा रहे अभियान की गूंज किशनगंज में भी सुनाई दी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ के सहयोगी संगठन जन निर्माण केंद्र एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में खेल भवन, किशनगंज में एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने की शपथ ली और समाज में इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं तथा जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव लाने वाली महिला नेतृत्वकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से धर्मगुरुओं ने भी भाग लिया। वहीं, जिले की सभी पंचायतों में बाल विवाह के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया गया।
जन निर्माण केंद्र के सचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि संस्था पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के साथ मिलकर बाल विवाह उन्मूलन के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
वहीं, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला समन्वयक शाहबाज आलम ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ अभियान केवल एक अपराध को समाप्त करने की मुहिम नहीं है, बल्कि देश की बेटियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य का चुनाव करने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से किशनगंज जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
राकेश कुमार सिंह ने अभियान की वैश्विक उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि 4 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। उन्होंने इसे जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन और इसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत में शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम को आज वैश्विक स्तर पर पहचान मिलना गर्व की बात है।
कार्यक्रम में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, एएनएम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार किशनगंज के प्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास निगम के सुशील झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
