बाइक सवार को बचाने में पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं की महिंद्रा थार, सभी सुरक्षित
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर बैजानी पुल के समीप गुरुवार की शाम बाइक सवार युवक को बचाने के दौरान श्रद्धालुओं से भरी चारपहिया गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। कुछ श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आने की बात सामने आई है। घटना बाईपास थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बासुकीनाथ धाम से पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बैजानी पुल के पास अचानक एक बाइक सवार युवक सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को मोड़ा, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 की टीम और बाईपास थाने को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बाईपास थाने की गस्ती टीम प्रियंका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बाइक सवार युवक को बचाने के प्रयास में श्रद्धालुओं की गाड़ी पेड़ से टकरा गई थी। दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि उसमें सवार श्रद्धालुओं को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों ने आपस में बातचीत कर मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी ली।
