कटिहार में प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने फहराया तिरंगा: SP ने शहीद स्थलों पर किया माल्यार्पण , मखाने से निर्मित जलेबी को किया गया प्रमोट
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। दिनभर देशभक्ति के गीतों और कार्यक्रमों से पूरा जिला गूंजता रहा। स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत से पहले पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार और जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर जाकर महापुरुषों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
SP और DM ने मिरचाईबाड़ी स्थित कारगिल स्तंभ, अंबेडकर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, मनिहारी मोड़ स्थित अमर जवान ज्योति, जीआरपी चौक स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा, शहीद चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा, नगर निगम परिसर स्थित शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को नमन किया।
महेश्वरी अकादमी में मंत्री ने किया ध्वजारोहण
जिले का मुख्य राजकीय समारोह महेश्वरी अकादमी, कटिहार के मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मंत्री, खान एवं भूतत्व विभाग सह कला एवं संस्कृति विभाग सह प्रभारी मंत्री, कटिहार, डॉ. प्रमोद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने कटिहार जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
मंत्री ने कहा कि आजादी के 80 साल पूरे होने पर हमें उन शहीदों को याद करना है जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी। उन्होंने जिले के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण
समारोह में जिला पुलिस, होमगार्ड, एनसी, स्काउट-गाइड और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य परेड प्रस्तुत की गई। परेड के बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य पेश कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
जिला पदाधिकारी ने भी समारोह को संबोधित किया और जिले की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
समारोह को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महेश्वरी अकादमी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। गर्मी को देखते हुए पेयजल और शेड की व्यवस्था भी की गई थी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले भर के सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों में भी ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
