ज़की हमदम
ठाकुरगंज। मोहम्मद हुसैन आज़ाद नेशनल डिग्री कॉलेज में छात्रों के आंदोलन के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्राचार्य अबरार आलम को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया। उनकी जगह प्रोफेसर हसीब आलम को एडहॉक कमेटी की ओर से प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, कॉलेज की कथित अनियमितताओं एवं छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को छात्र आंदोलन किया गया था। आंदोलन के दौरान “प्राचार्य हटाओ, कॉलेज बचाओ” का आह्वान करते हुए प्राचार्य का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग को लेकर किशनगंज के एसडीएम एवं माननीय विधायक श्री गोपाल कुमार अग्रवाल को ज्ञापन भी सौंपा था।
इसके बाद बुधवार को एसडीओ एवं ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल कॉलेज पहुंचे। यहां करीब दो घंटे तक बैठक कर छात्रों की समस्याएं सुनी गईं और कॉलेज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्राचार्य अबरार आलम को पद से हटाने तथा प्रोफेसर हसीब आलम को तत्काल प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपने की कार्रवाई की गई।
प्रोफेसर हसीब आलम को नई जिम्मेदारी मिलने पर विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल समेत छात्रों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मोहम्मद जहुर आलम रज़वी, सरफराज आलम, मेराज आलम, जलील मस्तान, फरहाद रज़ा, समेत कई छात्र एवं युवा नेता मौजूद रहे।
छात्र आंदोलन में शामिल लोगों ने इस कार्रवाई को छात्रों की एकजुटता और लगातार उठाई गई आवाज का परिणाम बताते हुए कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद जताई।
