इंदिरा आवास की सूची पर ग्रामीणों में नाराजगी, जांच की मांग

इंदिरा आवास की सूची पर ग्रामीणों में नाराजगी, जांच की मांग

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

जगदीशपुर। जगदीशपुर पंचायत भवन में शनिवार को इंदिरा आवास योजना की सूची को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक मुखिया लालमती देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल के नेतृत्व में हुई। इस दौरान पंचायत के ग्रामीणों के बीच योजना की सूची रखी गई और लाभुकों के नामों की जानकारी दी गई।
जगदीशपुर पंचायत में कुल 14 वार्ड हैं। प्राप्त सूची में इंदिरा आवास योजना के 691 लाभुकों के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूची में कई ऐसे गरीब परिवारों के नाम शामिल नहीं हैं, जो योजना के पात्र हैं। वहीं, कुछ ऐसे परिवारों के नाम भी सूची में दर्ज हैं, जिनके पास पहले से पक्का मकान है।
मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल ने बताया कि सूची तैयार किए जाने के समय पंचायत प्रतिनिधियों और वार्ड सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। अब जब अंतिम सूची सामने आई है तो इसमें कई विसंगतियां दिखाई दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 300 ऐसे लोगों के नाम सूची में हैं, जिनके पास पहले से पक्का मकान है। वहीं, जरूरतमंद गरीब परिवारों के नाम सूची से गायब हैं। उन्होंने सूची की दोबारा जांच कर पात्र लाभुकों को योजना का लाभ देने की मांग की।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत को इंदिरा आवास योजना के 691 लाभुकों की सूची प्राप्त हुई है। सूची में शामिल सभी नामों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो लाभुक योजना के लिए पात्र पाए जाएंगे, उन्हें ही इसका लाभ दिया जाएगा। अपात्र पाए जाने वाले लोगों के नाम सूची से हटाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!