पोठिया में दिव्यांगता मेडिकल बोर्ड शिविर, 44 आवेदकों की हुई शारीरिक जांच

किशनगंज। जिला पदाधिकारी किशनगंज श्री नवीन कुमार के निर्देश एवं मार्गदर्शन में पोठिया प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में दिव्यांगजनों के हितार्थ दिव्यांगता मेडिकल बोर्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग एवं स्वास्थ्य विभाग, किशनगंज के संयुक्त समन्वय से किया गया।

शिविर में सिविल सर्जन कार्यालय, किशनगंज द्वारा प्रतिनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 44 आवेदकों का शारीरिक परीक्षण (Physical Assessment) किया। जांच के बाद पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (यूडीआईडी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। यह शिविर जिले में लंबित दिव्यांगता प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन के लिए चलाए जा रहे विशेष शिविरों की श्रृंखला का हिस्सा है। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंडवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में शिक्षा विभाग के समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के सहयोग से 6 से 18 वर्ष आयुवर्ग के दिव्यांग बच्चों की जांच को भी प्राथमिकता दी गई।

जिला प्रशासन ने कहा कि दिव्यांगजनों के अधिकार एवं सम्मान की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने प्रखंड में आयोजित होने वाले शिविरों में उपस्थित होकर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी से संबंधित सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!