ठाकुरगंज में संदीक्षा परिवारों एवं बलकर्मियों के लिए आयोजित हुआ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
ठाकुरगंज, विश्व हृदय दिवस के अवसर पर 19वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), ठाकुरगंज में मंगलवार को संदीक्षा परिवारों एवं बलकर्मियों के लिए हृदय स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के महत्व को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन 19वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो के मार्गदर्शन में तथा श्री एम. ब्रोजेन सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार (GDMO), डॉ. अश्विनी कुमार झा, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा अधिकारी) डॉ. एम.एम. रिजवी एवं डॉ. ज़फर इकबाल सहित चिकित्सकीय दल ने संदीक्षा अध्यक्षा की उपस्थिति में बलकर्मियों एवं उनके परिवारों को हृदय स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
चिकित्सकों ने हृदय रोग के प्रमुख कारणों एवं लक्षणों, बचाव के उपाय, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उपस्थित बलकर्मियों एवं संदीक्षा परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री एम. ब्रोजेन सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी बलकर्मियों एवं संदीक्षा परिवारों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और तनाव प्रबंधन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर 19वीं वाहिनी की ओर से नियाज़ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, ठाकुरगंज के चिकित्सकों एवं उनकी पूरी चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ हृदय के लिए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
“स्वस्थ हृदय–स्वस्थ जीवन” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
