सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल, 11 जिंदा कारतूस और देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर। सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। भागलपुर पुलिस ने वायरल वीडियो की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतोरिया गांव निवासी रौनक कुमार को एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को एक युवक का आग्नेयास्त्र के साथ वीडियो वायरल होने की सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2 और मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान रौनक कुमार, पिता गोरेलाल यादव, निवासी भतोरिया, थाना मधुसूदनपुर, जिला भागलपुर के रूप में हुई। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर विधिवत छापेमारी कर तलाशी ली। इस दौरान रौनक कुमार को देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सत्यापन के बाद ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
