डेस्क बिहार भागलपुर 15-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
भागलपुर बाईपास थाना क्षेत्र में 500 लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब बरामद, नष्ट
स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत पिस्ता पासी टोला में पुलिस की छापेमारी, दुर्गा पूजा को लेकर बढ़ाई गई निगरानी
भागलपुर, जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत बुधवार को बाईपास थाना क्षेत्र के पिस्ता पासी टोला में छापेमारी कर करीब 500 लीटर अर्धनिर्मित अवैध देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने बरामद शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस के अनुसार, बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पिस्ता पासी टोला में अवैध देसी शराब बनाने और उसकी खरीद-बिक्री का काम किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संबंधित इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पिस्ता पासी टोला स्थित गड्ढेनुमा नाले से लगभग 500 लीटर अर्धनिर्मित अवैध देसी शराब मिली। पुलिस ने शराब को जब्त कर नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान एसआई रामदयाल यादव, एएसआई लक्ष्मी कुमारी समेत बाईपास थाना के पुलिस जवान मौजूद थे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सूचना मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
