डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
ब्यूरो हेड/ अमित कुमार
9798944840
दुर्गा पूजा एवं विसर्जन को लेकर नगर निगम पूरी तरह तत्पर: महापौर ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शहर में विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, निर्बाध आवागमन एवं नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज महापौर महोदया के कार्यालय वेश्म में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर प्रबंधक, विभिन्न वार्डों के सम्मानित पार्षदगण, दुर्गा पूजा महासमिति के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ‘दुर्गा पूजा महासमिति, भागलपुर’ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पत्र में उल्लेखित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की समस्याओं के स्थायी व त्वरित समाधान हेतु महापौर महोदया द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए जैसे कि सभी पूजा मंदिर पहुंच पथों, बाजारों, आवासीय क्षेत्रों एवं विसर्जन मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर प्रतिदिन नियमित सफाई की जाए।
भीखनपुर गुमटी नं.-2, डिक्शन रोड दुर्गा मंदिर, हुसैनबाद रोड, अंग राज कर्ण नगर (रिफ्यूजी कॉलोनी), दुर्गा मंदिर (खलीफाबाग) के बड़े नालों की युद्धस्तर पर उराही कराई जाए ताकि जलजमाव न हो।
जोगसर मेन रोड दुर्गा मंदिर के समीप पूजा अवधि तक कूड़ा डंपिंग पूरी तरह बंद रखी जाए। लहरी टोला एवं बूढ़ानाथ मंदिर के पास रखे कॉम्पैक्टर बॉक्स से दुर्गंध व कचरे की समस्या का त्वरित समाधान किया जाए। विसर्जन मार्गों, खासकर लाल बाग (वीसी आवास से जुगल वर गाछ चौक), मारवाड़ी कॉलेज, डिक्शन रोड, ढेबर गेट (खरमनचक रोड) आदि क्षेत्रों में झूलती टहनियों की त्वरित छंटाई कराई जाए ताकि प्रतिमाओं और श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न पहुंचे। गुरु चित्तनु सिंह अखाड़ा (हड़ियापट्टी दुर्गा मंदिर), लाजपत पार्क दुर्गा मंदिर मुख्य द्वार, विसर्जन घाट (मायागंज), कम्पनीबाग दुर्गा मंदिर एवं दुर्गाबाड़ी मसाकचक के समीप प्रवेश मार्गों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया। विश्वविद्यालय आवासीय गेट से दुर्गा मंदिर साहेबगंज मार्ग, दीपनगर चौक, शारदा संगीत सदन के सामने, बूढ़ानाथ चौक, बड़ी खंजरपुर आदि स्थलों पर पाइप लीकेज को अविलंब दुरुस्त कर जर्जर सड़कों की पैचिंग कराई जाए। विसर्जन मार्गों पर किसी भी प्रकार के गड्ढे न रहें, जिससे प्रतिमाओं को कोई नुकसान न पहुंचे। बरारी विसर्जन घाट (काली घाट) पर दल-दल वाले गड्ढों पर सीढ़ीनुमा व्यवस्था की जाए। गंगा तट पर नए कृत्रिम तालाबों की समुचित व्यवस्था, मायागंज अस्पताल के पीछे खुले नाले को ढकने तथा सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग) व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ।तातारपुर चौक, स्टेशन चौक, आदमपुर चौक, बड़ी खंजरपुर चौक आदि विसर्जन मार्गों पर जनरेटर बैकअप के साथ हाईमास्ट लाइटों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान स्टेशन चौक पर अस्थाई कैंप कार्यालय, विसर्जन मार्ग में पानी टैंकर तथा विसर्जन घाटों पर चलंत शौचालय (मोबाइल टॉयलेट) की समुचित व्यवस्था रहेगी।
महापौर का वक्तव्य:
दुर्गा पूजा भागलपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है। श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग और अधिकारी तय समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को निष्पादित करें। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
