डेस्क बिहार भागलपुर
29-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
आनंदपुर में ओवरलोड बालू लदे छह हाईवा जब्त, करीब आठ लाख रुपये का लगेगा जुर्माना
बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में अवैध और ओवरलोड बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान सिमुलतला-कटोरिया मुख्य मार्ग पर भैरोगंज हाई स्कूल के समीप से बालू लदे आठ हाईवा ट्रकों को पकड़ा। धर्मकांटा पर वजन कराने के बाद छह ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर की रात करीब आठ बजे आनंदपुर थाना पुलिस नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान भैरोगंज हाई स्कूल के पास से गुजर रहे बालू लदे आठ हाईवा ट्रकों को रोककर जांच की गई। सभी वाहनों को मंगरा स्थित धर्मकांटा पर ले जाकर वजन कराया गया। जांच में दो ट्रकों में निर्धारित मानक के अनुरूप बालू पाया गया, जिन्हें मौके पर ही मुक्त कर दिया गया। वहीं, शेष छह ट्रकों में क्षमता से अधिक बालू लदा होने की पुष्टि हुई।
बताया जाता है कि आनंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित दो बालू घाटों से निर्धारित मानक से अधिक बालू उठाव की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घाट संवेदक के इंचार्ज और संबंधित कर्मियों की कथित मिलीभगत से दिन के उजाले में भी सिमुलतला-कटोरिया मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का परिचालन हो रहा था। यह मामला बेलहर विधायक मनोज यादव तक भी पहुंचा था। इसके बाद बांका एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया।
