ठाकुरगंज में फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण पर निकली साइकिल रैली, युवाओं ने दिया फिटनेस और नशामुक्त समाज का संदेश
ठाकुरगंज (किशनगंज): फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण के अवसर पर रविवार को ठाकुरगंज में ‘Sunday on Cycle’ कार्यक्रम के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat), किशनगंज की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ +2 ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्र भूषण झा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद साइकिल रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन तक निकाली गई। रैली में +2 ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों, 35 बिहार बटालियन NCC, पूर्णिया के कैडेट्स तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के युवाओं ने हिस्सा लिया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से नियमित व्यायाम, शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को बढ़ावा देने के साथ ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की भागीदारी और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
आयोजन को सफल बनाने में SBI ठाकुरगंज के शाखा प्रबंधक अमरनाथ कुमार, शिक्षक सचिवाला, Boo Shine के निदेशक जनश्रुति कुमार, दिनकर कुमार सिंह, दिवाकर कुमार सिंह, हीरालाल सिंह सहित NCC कैडेट्स, युवा स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। साइकिलिंग जैसी सरल गतिविधियों को दैनिक जीवन में शामिल कर व्यक्ति खुद को स्वस्थ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकता है।
आयोजक: मेरा युवा भारत (MY Bharat), किशनगंज, बिहार।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार।
