ठाकुरगंज में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार के नेतृत्व में नगर के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना था। पुलिस बल ने नगर के प्रमुख इलाकों में पैदल मार्च करते हुए लोगों को यह संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्थिति का जायजा लिया और आमजन से पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि रामनवमी के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
