डेस्क बिहार भागलपुर
18-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
जगदीशपुर के प्राचीन दुर्गा मंदिर में अष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दलिया चढ़ाने को लगी कतार
जगदीशपुर। प्रखंड के जगदीशपुर बाजार स्थित प्राचीन श्री श्री 108 दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ दलिया चढ़ाने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
करीब 125 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा के तहत मंदिर का पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। महाअष्टमी पर दलिया चढ़ाने की विशेष परंपरा को लेकर दूर-दराज के गांवों से भी महिलाएं पहुंचीं। श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थित पूजा-अर्चना के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के निर्देश पर मंदिर परिसर में जगह-जगह महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। इसके अलावा पुलिस मित्र और आपदा मित्र भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समिति के सचिव भारती भूषण झा ने बताया कि मंदिर में 125 वर्षों से पूजा की परंपरा चली आ रही है। महाअष्टमी पर दलिया चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। समिति की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना कराई जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए शरबत का व्यवस्था किया गया था
इस मौके पर पूजा समिति के कार्यकारिणी अध्यक्ष ओमकार मंडल उर्फ बीरबल मंडल, कार्यकारिणी कोषाध्यक्ष अमित कुमार, कार्यकारिणी सचिव रूपेश कुमार, सौरभ, राजा, चंदन सिंह, गौतम कुमार, सौरभ सिंह, अनिल शर्मा और नीरंजन पंजियारा, पीयूष कुमार सोनू ठाकुर सहित अन्य सदस्य व्यवस्था में सक्रिय रहे
