कटिहार के दो शिक्षक भुवनेश्वर में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व: जिले के विप्लव और कुमार मंगलम नेशनल वर्कशॉप में लेंगे हिस्सा

कटिहार के दो शिक्षक भुवनेश्वर में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व: जिले के विप्लव और कुमार मंगलम नेशनल वर्कशॉप में लेंगे हिस्सा

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में कटिहार जिले के नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। जिले के दो नवाचारी शिक्षकों का चयन ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला के लिए गठित 25 सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम में हुआ है।

चयनित शिक्षकों में आजमनगर प्रखंड के मध्य विद्यालय अरिहाना के शिक्षक विप्लव कुमार तथा कदवा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोलनापुर के शिक्षक कुमार मंगलम शामिल हैं। ये दोनों शिक्षक राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), पटना द्वारा भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 अक्टूबर को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से इस चयन की पुष्टि की गई है। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 26 और 27 अक्टूबर को भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित वर्ल्ड स्किल सेंटर में किया जा रहा है। इसका संचालन एनसीईआरटी भोपाल के अधीन कार्यरत पीएसएस केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान द्वारा होगा। विदित हो कि शिक्षक विप्लव कुमार जिले में अपनी प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग, गणित-विज्ञान के दैनिक जीवन से जुड़े प्रयोगों और नवाचारी शिक्षण शैलियों के लिए विशेष पहचान रखते हैं। भुवनेश्वर में आयोजित हो रही इस दो दिवसीय राष्ट्रीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा और व्यावहारिक कौशल को प्रभावी रूप से लागू करना है। कार्यशाला में शिक्षकों को “बैगलेस डे”, “कौशल बोध” तथा “माई करियर एडवाइजर” मोबाइल ऐप के सफल व धरातलीय क्रियान्वयन की बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा। राज्य स्तरीय टीम में शामिल होकर लौटे ये दोनों शिक्षक जिले के अन्य शिक्षकों के लिए मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!