महाअष्टमी पर किशनगंज के पूजा पंडालों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी शुभकामनाएं

सरफ़राज़ आलम किशनगंज 

किशनगंज। दुर्गा पूजा की महाअष्टमी के अवसर पर रविवार की सुबह से ही किशनगंज शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए महिला, पुरुष और बच्चों का तांता लग गया। दस भुजाओं वाली शेर पर सवार मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन कर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। भक्तों ने अपने परिवार, घर और शहर की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

शहर के वार्ड संख्या 28 स्थित धर्मगंज पूजा पंडाल में पूजा समिति की ओर से बेहतर व्यवस्था की गई है। पट खुलते ही यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे। महिलाएं और बच्चे मां दुर्गा की आराधना एवं प्रार्थना करते दिखाई दिए। वहीं, मनोरंजन क्लब, रुईधासा क्लब, डुमरिया, लोहारपट्टी, मिलन पल्ली, लाइनपाड़ा, नेपालगढ़ कॉलोनी, पश्चिमपाली और खगड़ा सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।

पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन अलर्ट

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरु सिराज विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

शाम के समय मेले में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों में मजिस्ट्रेट के साथ बिहार पुलिस, बीएमपी और एसएसबी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। नेपाल और बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विशेष चौकसी बरती जा रही है, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

स्थानीय सहयोग से संपन्न होती है मनोरंजन क्लब की पूजा

शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में शामिल मनोरंजन क्लब पूजा समिति के अध्यक्ष मिक्की साहा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पूजा के आयोजन के लिए बाहरी चंदे की आवश्यकता नहीं पड़ती। मां दुर्गा की कृपा और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाती हैं।

शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीओ

अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति जिले की शांति और सौहार्द भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और किशनगंज जिले के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पावन पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को और मजबूत करेगा।

भक्ति और उल्लास के बीच महाअष्टमी का उत्साह

महाअष्टमी के अवसर पर किशनगंज के पूजा पंडालों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!