जीविका समूह की सदस्य दो माह से लापता, सभी जीविका दीदी पहुंची जगदीशपुर थाने आवेदन लेकर
कर्ज की राशि को लेकर समूह की सदस्यों ने जताई थी आशंका, पति की भूमिका की जांच की मांग
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर। थाना क्षेत्र के हड़वा गांव से एक महिला के करीब दो माह से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला की तलाश और मामले की जांच की मांग को लेकर सरस्वती जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने जगदीशपुर थाने में आवेदन दिया था। आवेदन में महिला के पति की भूमिका पर भी आशंका जताते हुए जांच की मांग की गई थी। आवेदन दिए जाने के बाद पति-पत्नी दोनों थाना पहुंच गए।
आवेदन के अनुसार हड़वा गांव निवासी रूपा देवी, पति प्रहलाद मंडल, पिछले करीब चार वर्षों से सरस्वती जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की सदस्यों का कहना है कि रूपा देवी करीब दो माह से समूह की बैठकों में शामिल नहीं हुई थीं। लंबे समय से उनकी जानकारी नहीं मिलने पर सदस्यों ने उनके बारे में पता लगाने का प्रयास किया।
बताया गया कि रूपा देवी के नाम पर जीविका एवं स्वयं सहायता समूह से करीब 1.25 लाख रुपये का ऋण लिया गया है। ऋण की मूल राशि और ब्याज का भुगतान नहीं होने पर समूह की सदस्यों ने उनके पति से रूपा देवी के संबंध में जानकारी मांगी। आवेदन में कहा गया है कि पति ने रूपा देवी के बारे में जानकारी होने से इनकार किया था।
इसके बाद समूह की सदस्यों ने आशंका जताई कि कर्ज की राशि चुकाने से बचने के लिए रूपा देवी को कहीं गायब किया गया हो सकता है। उन्होंने महिला के साथ किसी तरह की अनहोनी की आशंका भी जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और पति की भूमिका की भी जांच करने की मांग की।
समूह की ओर से थाना में आवेदन दिए जाने के बाद पति-पत्नी दोनों के थाना पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर महिला के लापता होने के मामले की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, महिला के लापता होने के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
समूह की सदस्यों ने पुलिस से रूपा देवी की तलाश कराने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में महिला का पता ग्राम हड़वा, पोस्ट चांदपुर, थाना जगदीशपुर, जिला भागलपुर, पंचायत भवानीपुर देशरी, वार्ड नंबर-02 बताया गया है।
